संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सरकारी अवकाश के चलते पिछले दो दिन तक डेंगू के सैंपलों की रिपोर्ट नहीं आई। इसके चलते डेंगू की सैंपलिंग का कार्य भी काफी हद तक प्रभावित हुआ।
गौरतलब है कि दो व तीन अक्तूबर को सरकारी अवकाश था। इस कारण यह कार्य भी काफी प्रभावित रहा। हालांकि विभाग की ओर से लोगों को डेंगू के मच्छर के लार्व से बचाव के लिए कार्य तो लगातार किया गया। अब तक 13 लाख से अधिक जगहों पर सैंपल लिए जा चुके हैं। अभी तक जिले में डेंगू संक्रमितों के सात केस मिल चुके हैं।
उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शुक्रवार को जिलेभर के नौ हजार 984 घरों व दुकानों में मच्छर के लार्वा की जांच की। इस दौरान अलग-अलग टीमों को 16 जगहों पर लार्वा मिला। सभी संबंधित मालिकों को नोटिस दिया गया व सफाई पर जागरूक किया गया।
20 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर डेंगू जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट सोमवार को आएगी। अब तक 2244 संदिग्ध मरीजों के डेंगू के सैंपल लिए गए हैं। साथ ही अब तक 2073 जगहों पर मच्छर का लार्वा मिल चुका है। सभी को नोटिस दिए गए हैं। अब तक जिले में सात केस डेंगू के मिले है, जो राहत की खबर है। क्योंकि पिछले साल डेंगू के 118 केस पूरे जिले में मिले थे।
जिला सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने कहा कि घर के आसपास या घर के अंदर भी पानी न जमा होने दें। कूलर में अगर पानी है, तो उसमें केरोसिन तेल डालकर रखें। इससे मच्छर पनपने की संभावना कम हो जाती है। पानी की टंकियों को खुला न छोड़ें, अच्छी तरह ढक कर रखें। इन दिनों फुल स्लीव और पैरों को ज्यादा से ज्यादा ढकने वाले कपड़े पहनें।