संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी पीजी महिला महाविद्यालय कैथल की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा रवीना ने ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान और बीए प्रथम वर्ष की छात्रा अंकुश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा कोमल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने यह जानकारी दी। उधर, लेवल लीगल लिटरेसी में राजकीय महाविद्यालय ने बाजी मारी।
डॉ. आरती गर्ग ने बताया कि गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वुमन करनाल ने गत 24 जुलाई को जिला स्तरीय कानूनी साक्षरता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसके तहत ऑन द स्पॉट पेंटिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता करवाई थी। इसमें आईजी कॉलेज की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा रवीना ने ऑन द स्पॉट पेंटिंग में प्रथम स्थान और बीए प्रथम वर्ष की छात्रा अंकुश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा कोमल ने स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रबंधक समिति के प्रधान रामबहादुर खुरानिया ने छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और साथ ही अन्य ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने और उच्चतम प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर सांयकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर और लीगल लिटरेसी इंचार्ज अलका गोयल व अरुणा उपस्थित रहे।
उधर, राजकीय महाविद्यालय कैथल के विद्यार्थियों ने राजकीय कन्या महाविद्यालय करनाल में 24 जुलाई को आयोजित डिविजनल लेवल लीगल लिटरेसी स्किट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. मनोज कुमार भांबू ने विजेता टीम को बधाई दी। कहा कि इन विद्यार्थियों ने महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। साथ ही प्राचार्य ने आने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टीम को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। प्राचार्य ने कॉलेज की लीगल लिटरेसी टीम को भी बधाई दी। इस दौरान डॉ. रूपाली, डाॅ. अनुराधा और अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।