कलायत। सरकारी राशन डिपो में हो रही अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने बुधवार को कलायत के रजत डिपो पर दबिश दी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता प्रभारी डीएसपी पवन शर्मा ने बताया कि उनके विभाग को इस संबंध में सूचना मिली थी। संज्ञान लेते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर सीएम फ्लाइंग टीम का गठन किया गया।
दोपहर 2:20 बजे टीम मौके पर पहुंची, लेकिन डिपो पर ताला लगा हुआ था। डिपो होल्डर रजत पुत्र रामकुमार को बुलाकर ताला खुलवाया गया और डिपो का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में डिपो में 540 कट्टे गेहूं, 1,520 लीटर सरसों का तेल और 10.78 क्विंटल चीनी मिली। जांच के दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग का एईपीडीएस पोर्टल काम नहीं कर रहा था, इसलिए मशीनों का सितंबर माह का बकाया राशन चेक नहीं किया जा सका। इसके अलावा कई अनियमितताएं पाई गईं। इन मामलों की रिपोर्ट खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक ने तैयार कर डीएफएससी को सौंपी है। विभागीय साइट चालू होने के बाद डिपो धारक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।