22-राजौंद। राजकीय संस्कृति स्कूल का दृश्य।
- फोटो : Kaithal
कैथल। राजौंद के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। चार करोड़ 32 लाख 77 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस इमारत में विद्यार्थियों को पहले की बजाय अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। शिक्षा विभाग ने इसके लिए एजेंसी को कार्य अलॉट कर दिया है। प्रयास है कि आगामी सत्र तक इमारत तैयार हो जाए तो इसका लाभ बच्चों को मिल सके।
गौरतलब है कि राजौंद के मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में इस समय 700 से ज्यादा विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यहां राजौंद के अलावा बीरबांगड़ा, खुरड़ा, बिरथे बाहरी, मंढवाल, फरियाबाद, संतोख माजरा, नरवल, नीमवाला, किच्छाना, कोटड़ा व रोहेड़ा गांवों से विद्यार्थी पढ़ने के लिए आते हैं। स्कूल की पुरानी इमारत जर्जर होने से प्रयोग के योग्य नहीं रही और विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखकर शिक्षा विभाग ने नई इमारत बनाने की प्रक्रिया शुरू की।
स्कूल की नई इमारत में 25 कमरों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही स्कूल परिसर की चारदीवारी, मुख्य द्वार, लैब और शौचालयों की भी व्यवस्था की जाएगी। यही नहीं, नई इमारत में निर्बाध बिजली सप्लाई के लिए सोलर सिस्टम लगाने का भी प्रावधान किया गया है। यह सारा कार्य समग्र शिक्षा अभियान के तहत किया जाएगा। इस संबंध में एसडीओ सजल कुमार ने बताया कि इमारत के निर्माण का कार्य एजेंसी को अलॉट कर दिया गया है। जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि आगामी सत्र तक इमारत तैयार हो जाए और विद्यार्थियों की कक्षाएं इसमें शुरू की जा सकें।