संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को महिला प्रकोष्ठ के तहत ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता विषय पर एक व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ममता जैन और कैंसर विशेषज्ञ डॉ. कविता जिंदल शामिल रही। इस अवसर पर वक्ताओं ने ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लक्षण और बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
डॉक्टरों ने बताया कि महिलाएं व छात्राएं नियमित रूप से जांच करवाएं, ताकि किसी भी असामान्य वृद्धि या गांठ को समय रहते पहचाना जा सके। उन्होंने बताया कि जल्दी मासिक धर्म शुरू होना और देर से रजोनिवृत्ति आना ब्रेस्ट कैंसर के जोखिम को बढ़ा सकता है। ब्रेस्ट कैंसर केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पुरुषों को भी प्रभावित कर सकता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. रोज़ी गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता ही रोगों से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे इस जानकारी को अपने परिवार और समाज में भी फैलाएं। अंत में कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. रोज़ी गुप्ता ने मुख्य वक्ता डॉ. ममता जैन और डॉ. कविता जिंदल का आभार व्यक्त किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. सीमा जांगड़ा ने की। इस कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. पूनम, डॉ. इंदु, डॉ. नीलम, डॉ. मीना, डॉ. मंजू एवं स्टाफ भी उपस्थित रहा।