कैथल। चौधरी छोटू राम इंडोर स्टेडियम के बाहर जिले के हैंडबॉल स्टेडियम में बारिश का पानी भरने से खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित होता है। स्टेडियम का मैदान आसपास की जमीन से नीचे होने के कारण बारिश के बाद यहां कई-कई दिनों तक पानी जमा रहता है। ऐसे में खिलाड़ियों का नियमित अभ्यास बाधित हो जाता है और उन्हें मैदान सूखने का इंतजार करना पड़ता है।
स्टेडियम में हैंडबॉल के करीब 60 से 65 खिलाड़ी प्रतिदिन अभ्यास के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा अन्य खेलों के खिलाड़ी भी यहां अभ्यास करने आते हैं लेकिन मानसून के दौरान बारिश होने पर पूरा मैदान जलमग्न हो जाता है। पानी भरने के कारण खिलाड़ी कई दिनों तक अभ्यास नहीं कर पाते जिससे उनकी तैयारी पर सीधा असर पड़ता है।
खिलाड़ियों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। पिछले कई वर्षों से हर बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है। खासकर जून से सितंबर तक होने वाली बारिश के दौरान मैदान बार-बार पानी से भर जाता है। कई बार प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूसरे मैदानों का सहारा लेना पड़ता है।
हालांकि खेल विभाग ने कुछ राहत के लिए स्टेडियम में रिचार्ज बोर लगवाया है। इससे पहले जहां पानी निकलने में एक सप्ताह से लेकर 15 दिन तक लग जाते थे, वहीं अब एक से दो दिन में पानी काफी हद तक निकल जाता है। इसके बावजूद मैदान की गहराई के कारण समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
अभ्यास होता है प्रभावित : कोच
हैंडबॉल कोच प्रशांत राय का कहना है कि बारिश के सीजन में खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित होता है। विशेषकर राष्ट्रीय और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को समय निकालना बड़ा मुश्किल होता है। ऐसे खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि उनकी मेहनत बारिश के पानी में न बह जाए।
स्टेडियम की गहराई के कारण पानी भरने की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है, ताकि मैदान में मिट्टी डलवाकर उसे समतल किया जा सके। रिचार्ज बोर लगने से पहले की तुलना में स्थिति में सुधार हुआ है लेकिन स्थायी समाधान के लिए बड़े स्तर पर कार्य होना जरूरी है।
- राज रानी, जिला खेल अधिकारी, खेल विभाग, कैथल।
छोटू राम इंडोर स्टेडियम के बाहर गहराई में बना हैंडबॉल स्टेडियम। संवाद
छोटू राम इंडोर स्टेडियम के बाहर गहराई में बना हैंडबॉल स्टेडियम। संवाद
छोटू राम इंडोर स्टेडियम के बाहर गहराई में बना हैंडबॉल स्टेडियम। संवाद