कैथल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार सुबह महाराजा सूरजमल स्टेडियम आयोजित कार्यक्रम में बारिश के ‘योग’ ने खलल जरूर डाला, लेकिन करीब 1800 लोगों ने जज्बे और उत्साह के साथ योग क्रियाएं की। मंत्री कर्णदेव कंबोज और डीसी केएम पांडुरंग सहित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
23 मिनट तक चले कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, सरकारी कर्मचारियों और लोगों ने खड़े होकर योग क्रियाएं की। गौरतलब है कि रविवार सुबह कैथल जिले में 16 एमएम बारिश हुई। जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने सूरजमल स्टेडियम में करीब 3000 लोगों के लिए व्यवस्था की गई थी। लेकिन बारिश के कारण कम संख्या में लोग पहुंचे। स्कूलों बच्चों और लोगों ने बारिश का लुत्फ लेते हुए योग किया। बच्चे और महिलाएं काफी उत्साहित दिखे।
तय समय से एक घंटे बाद शुरू हुआ कार्यक्रम
पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर महाराजा सूरजमल स्टेडियम में जिलास्तरीय कार्यक्रम होना था। यहां सुबह करीब 6 बजे से 8 बजे तक दो घंटे के कार्यक्रम की प्लानिंग की गई थी। लेकिन सुबह करीब साढ़े पांच बजे बारिश शुरू हुई और पूरी व्यवस्था पर पानी फिर गया। पूरे स्टेडियम में पानी भर गया। दरियां और चटाइयां कीचड़ और मिट्टी से तर हो गई। उधर, बरसात के बावजूद पौने छह बजे तक लोग महाराजा सूरजमल स्टेडियम में पहुंचना शुरू हुए। कुछ महिला कर्मचारी, स्कूली बच्चे सबसे पहले स्टेडियम पहुंचे। करीब सवा छह बजे एडीसी जितेंद्र कुमार पहुंचे। तब तक पूरा मैदान पानी से लबालब भर चुका था। मैदान में बिछाए गए मैट पानी में डूब चुके थे। इसी बीच डीआईओ दीपक खुराना, डीएसओ सुधीर बेदी, अध्यापक नेता सतबीर गोयत, डीआरओ दलेल सिंह, एसएचओ सिटी वीरेंद्र खर्ब सहित अन्य अधिकारी भी पहुंचे। कई स्कूलों के बच्चे, पतंजलि के वॉलंटियर्स एवं पुलिस के कर्मचारी एवं अधिकारी भी पहुंच गए।
लोगों को डर था, कहीं कार्यक्रम रद्द न हो जाए
स्टेडियम के बाहर दुकानों के बरामदों एवं सड़क के अलावा लोग अपने वाहनों में इसी कशमकश और इंतजार दिखे कि आखिर कार्यक्रम होगा या नहीं। करीब साढे़ छह बजे एडीसी जितेंद्र कुमार ने अधिकारियों के साथ विचार कर ऐलान किया कि योग होगा और इसी मैदान में होगा। उन्होंने ऐलान किया कि केवल खड़े होकर किए जाने वाले योगासन किए जाएंगे। बरसात रुके या ना रुके। इसके बाद 6 बजकर 55 मिनट पर मंच से महेंद्र खन्ना ने ऐलान किया कि सभी व्यक्ति अपने सेक्टरों में आकर खड़े हो जाएं। एडीसी जितेंद्र कुमार ने खुद माइक संभाला और लोगों को अपने-अपने सेक्टरों में आकर खड़ा होने की अपील की।
करीब 7 बजे मुख्य अतिथि मंत्री कर्णदेव कंबोज पंडाल में पहुंचे। उन्होंने दीप प्रज्जवलित किया। बरसात के बावजूद लोगों के बीच आकर कतारबद्ध हो गए। सात बजकर 1 मिनट पर कार्यक्रम का आगाज हुआ। पतंजलि योग समिति के अध्यक्ष रामचरण ने खड़े होकर किए जाने वाले वृक्षासन, ताड़ासन, घुटना संचालन, अर्ध चक्करासन, त्रिकोणासन तथा गर्दन के व्यायाम करवाए। सात बजकर 23 मिनट तक योगासन करने के बाद मंत्री कर्णदेव कंबोज ने सभी को शपथ दिलवाई। इसके बाद उनके संदेश के बाद राष्ट्रगान उपरांत कार्यक्रम संपन्न हो गया।
योग से विश्व में बनी भारत की अलग पहचान : कंबोज
मंत्री कर्णदेव कंबोज ने बरसात के बावजूद कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लेने पर लोगों को बधाई दी। कहा, पूरी दुनिया को योग के साथ जोड़कर पूरे संसार को स्वस्थ बनाया जाएगा, क्योंकि शरीर स्वस्थ है तो दुनिया के हर सुख के मायने हैं। भारत एक बार फिर विश्व योग गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। भारत की विश्व में अलग पहचान बनी है। उन्होंने स्कूली बच्चों को रिफ्रेशमेंट के लिए 51 हजार रुपये देने की घोषणा की।
सूचना जन संपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की तरफ से प्रदेश सरकार की 6 मास की उपलब्धियों की बुकलेट भी योग साधकों में वितरित करवाई गई। कर्ण देव कंबोज ने पतंजलि योग समिति व भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के पदाधिकारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में डीसी केएम पांडुरंग, एसपी कृष्ण मुरारी, एडीसी जितेंद्र कुमार, एसडीएम आरके सिंह, सीटीएम नवीन आहुजा, बीजेपी के जिलाध्यक्ष राजपाल तंवर, राव सुरेंद्र सिंह, सुरेश गर्ग, संदीप कुमार, डीएफएससी सुरेंद्र सैनी, डीआईपीआरओ रणधीर शर्मा, पतंजलि जिला महिला विंग अध्यक्षा अमर राविश, कमलकांत वर्मा, एसडीएम आरके सिंह, संजय भारद्वाज, महावीर आर्य, उपाध्यक्ष अशोक मित्तल, दर्शन सिंह मालखेड़ी, राजेश खुरानिया, बदन सिंह आर्य, मदन प्रकाश टाया, रणबीर सिंह, जयभगवान, जगदीश, मोती राम, धूप सिंह, संदीप कुमार, रेनू, इंदिरा, सीमा, किरण, राजेंद्र, नरेश व सुमन रानी, श्याम लाल कल्याण सहित प्रशासन व पतंजलि योग समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री कर्णदेव कंबोज दिखे योग में माहिर
मंत्री कर्ण देव कंबोज योग क्रियाओं में माहिर दिखे। बरसात के बावजूद आयोजित हुए योग कार्यक्रम में मंत्री ने स्टेज से नीचे उतर कर लोगों के बीच खड़े होकर योग किया। जिसमें योगासनों के दौरान वे पूरी निपुणता के साथ योग करते हुए दिखाई दिए। वहीं डीसी केएम पांडुरंग एवं एसपी कृष्ण मुरारी भी योग में पारंगत नजर आए। वहीं कुछ अधिकारी ऐसे भी थे, जिनके शरीर योग क्रियाओं के दौरान उनका पूरा साथ नहीं दे पा रहे थे।
इनेलो, कांग्रेस नेता नहीं पहुंचे
कार्यक्रम में इनेलो और कांग्रेस के किसी भी नेता ने शिरकत नहीं की। कांग्रेस के जिला प्रधान विनोद मिड्डा ने बताया है कि योग दिवस के लिए उन्हें निमंत्रण नहीं मिला था। इस तरह के कार्यक्रमों से जनता का भला नहीं होने वाला है। उधर, इनेलो के जिला अध्यक्ष कंवरपाल करोड़ा का कहना है कि मेरे पास जिला प्रशासन की ओर से निमंत्रण नहीं मिला था।