संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय के छात्र राहुल ने ऑल इंडिया स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। देशभर से आए प्रतिभाशाली पहलवानों के बीच राहुल ने दमदार खेल भावना और कौशल का प्रदर्शन किया और यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के एडमिनिस्ट्रेशन इंचार्ज डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल ने कहा कि राहुल की सफलता उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया। विश्वविद्यालय के चेयरमैन संदीप चहल, कुलपति प्रो. डॉ. शमीम अहमद, एडमिनिस्ट्रेशन इंचार्ज डॉ. देवेंद्र ढुल, खेल विभाग एवं अन्य शिक्षकों ने राहुल को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल विभाग के निदेशक मीनू राणा, सहायक प्रोफेसर संगीता, शारीरिक शिक्षा विभाग के पिंकी सांगवान और डॉ. मोनू, मुक्केबाजी प्रशिक्षक विष्णु दत्त, तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. बलकार सिंह का इस सफलता में विशेष योगदान रहा। राहुल की इस उपलब्धि ने न केवल विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ाई है, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।