संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कांगथली गांव में सीमेंट की डीलरशिप दिलाने और एक हजार बैग सीमेंट सप्लाई करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 3 लाख 70 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित से ऑनलाइन खाते में रुपये डलवा लिए, लेकिन न तो सीमेंट के बैग भेजे और न ही रुपये वापस किए। पीड़ित की शिकायत पर सीवन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने खुद को सीमेंट सप्लायर बताते हुए संपर्क किया और डीलरशिप देने का लालच दिया। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में बड़ी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरोपी ने न तो सीमेंट की सप्लाई की और न ही रुपये लौटाए। अब आरोपी ने साफ तौर पर रुपये वापस करने से मना कर दिया है।
शिकायत में यह बताया : सीवन थाना पुलिस को दी गई शिकायत में गांव सैर निवासी सर्वजीत सिंह ने बताया कि उसकी कांगथली मेन रोड पर सीमेंट की दुकान है। करीब 12 दिन पहले उसकी योगेश पटेल नामक व्यक्ति से सीमेंट खरीद को लेकर ऑनलाइन बातचीत हुई थी। योगेश पटेल ने उसे सीमेंट की डीलरशिप देने के नाम पर पहले 1 लाख 25 हजार रुपये ऑनलाइन खाते में भेजने को कहा।
इस पर सर्वजीत सिंह ने योगेश पटेल द्वारा बताए गए खाते में 2 जनवरी को 75 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, ये रुपये योगेश पटेल ने किसी अन्य खाते में डलवाए थे। इसके बाद आरोपी ने उसे 1000 कट्टे सीमेंट भेजने का भरोसा दिया।
आरोपी ने सीमेंट की एडवांस राशि के तौर पर 2 लाख 45 हजार रुपये और मांगे, जो शिकायतकर्ता ने आरोपी के बताए खाते में ऑनलाइन भेज दिए। इसके बावजूद अभी तक न तो सीमेंट के बैग भेजे गए हैं और न ही आरोपी रुपये वापस कर रहा है। अब आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इन्कार कर दिया है। शिकायतकर्ता ने इसे धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रुपये वापस दिलवाने की मांग की है।
आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज
डीएसपी वीरभान ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच सीवन थाना पुलिस टीम द्वारा की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।