कैथल। आगामी 18 मार्च को पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के पदाधिकारियों के लिए चुनाव आयोजित किए जाएंगे। यह चुनाव निर्वाचन विभाग की ओर से संपन्न कराए जाएंगे। कैथल जिले में कुल चार मतदान बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनमें से तीन बूथ कैथल में तथा एक बूथ गुहला न्यायिक परिसर में बनाया गया है। उपायुक्त अपराजिता ने सोमवार को चुनाव की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक से पूर्व पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से जुड़े चुनाव प्रबंधों के संदर्भ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि कैथल में स्थापित तीनों बूथों के लिए एसडीएम कलायत अजय हुड्डा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि गुहला-चीका में बनाए गए बूथ के लिए एसडीएम गुहला कैप्टन प्रमेश सिंह को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि कैथल में 1659 अधिवक्ता तथा गुहला में 146 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनाव प्रक्रिया में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा हैे। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि मतदान के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। संवाद