संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर-महाविद्यालय खो-खो चैंपियनशिप में चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय, पूंडरी की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में फुर्ती, अनुशासन और मजबूत रणनीति से जीत हासिल की।
इस उपलब्धि पर कॉलेज के प्रधान चौधरी तेजवीर सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों ने खेल के मैदान में संस्थान का मान बढ़ाया है। प्राचार्या डॉ. शकुंतला सिंगला ने विजेता टीम का स्वागत करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं।
टीम की सफलता में शारीरिक शिक्षा विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रेम लता और टीचर असिस्टेंट पिंकी का विशेष योगदान रहा। वहीं वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. अमिता राणा ने भी टीम को बधाई देते हुए इसे प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
विजेता टीम में पारुल, रोमा, माफी, सिमरन, अंजू, तन्नू, नंदिनी, शालिनी, सानिया, दिव्यांशी, मन्नत, खुशबू और अंकिता शामिल रहीं। कॉलेज प्रबंधन और स्टाफ ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।