संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कुरुक्षेत्र में आयोजित 54वीं सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप में जाट कॉलेज कैथल के खिलाड़ी कमन इंसान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। 23 से 27 मार्च तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कमन ने दिल्ली टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम को तीसरा स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
जाट कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश ढिल्लों ने बताया कि बीएससी स्पोर्ट्स के छात्र कमन इंसान ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से कॉलेज में खुशी का माहौल है। कॉलेज पहुंचने पर जाट हाई स्कूल सोसाइटी और कॉलेज प्रशासन की ओर से उनका सम्मान किया गया।
इस मौके पर सोसाइटी के प्रधान राजकुमार बैनिवाल ने कहा कि कॉलेज के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमन की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। प्राचार्य डॉ. दिनेश ढिल्लों ने खिलाड़ी को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में सफलता मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम होती है। इस अवसर पर सोसाइटी के उपप्रधान बलजिंदर बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि ढुल और कोषाध्यक्ष बलकार नैन मौजूद रहे।