पराली जलाने पर सख्त कैथल का जिला प्रशासन सख्त हो गया है। इसके तहत प्रशासन के आदेशों पर पुलिस ने रविवार को ढांड थाना क्षेत्र के दो किसानों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि अब तक जिले में 11 किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें गुहला में चार और पूंडरी में छह किसानों पर केस दर्ज किए गए। वहीं, प्रशासन ने अन्य किसानों की भी जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि रविवार को जिला सचिवालय में बढ़ रहे वायु प्रदूषण के स्तर व पराली जलाने की घटनाओं को लेकर डीसी व अन्य अधिकारियों की मुख्य सचिव ने वीडियों कांफ्रेस के माध्यम से बैठक ली थी। बैठक में पराली जलाने के मामले में किसानों को सीधा गिरफ्तारी के आदेश दिए। वहीं, शनिवार रात तक जिले में पराली जलाने के अब तक 123 मामले आए हैं। अब तक कृषि विभाग के कुल 13 कर्मियों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। इसमें अब तक जिले में दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी किसानों पर लगाया गया है।
कैथल के कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. बाबूराम ने बताया कि जिले में अब तक पराली जलाने के 123 मामले सामने आ चुके है। इनमें से 63 किसानों पर जुर्माना लगा कर दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। पराली जलाने वाले 11 किसानों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 11 एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं। वहीं, डीएसपी वीरभान ने बताया कि सरकार के आदेश अनुसार उन्होंने संबंधित थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि जिन किसानों के पर पराली जलाने के मामले दर्ज हुए हैं, उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाए।