अनाज मंडियों में आज किसान आंदोलन के समर्थन में हड़ताल की जा रही है। जिसमें आढ़ती धान की खरीद नहीं करेंगे। इस समय बारीक धान की आवक हो रही है। आढ़तियों ने हड़ताल की तैयारियों को लेकर एक दूसरी अनाज मंडियों में संपर्क किया। जिसमें अधिक से अधिक संख्या में आढ़तियों के भाग लेने का आह्वान किया। पुरानी अनाज मंडी में आढ़तियों ने इस संबंध में नारेबाजी भी की।
जिला आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि किसानों ने किसी कानून की मांग नहीं की, सरकार ने न जाने किस के लिए ये कानून बनाए हैं। जब किसान इन कानूनों का विरोध कर रहे हैं तो सरकार जबरन इन कानूनों को किसानों के समर्थन वाला कानून बता रही है। क्या लाखों किसान इन बातों को समझने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि किसानों कि मांग के समर्थन में आढ़ती भी मंगलवार को धान की खरीद बंद रखेंगे। कैथल जिले की सभी मंडियों में धान नहीं खरीदा जाएगा। इसी प्रकार से प्रदेश की अन्य अनाज मंडियों में भी इसी प्रकार से हड़ताल की जाएगी।
पुरानी अनाज मंडी में आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान श्याम बहादुर खुरानिया की अगुवाई में आढ़तियों ने किसानों के समर्थन में नारेबाजी की। खुरानिया ने कहा कि किसानों के साथ-साथ आढ़ती भी सरकार से मांग कर रहे हैं कि किसानों की मांगों की ओर ध्यान दिया जाए।