किसान नेता रवि आजाद की रिहाई के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण।
कसान। गांव सिमला में किसान नेता रवि आजाद की रिहाई को लेकर आज सैंकड़ों ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों के साथ मार्च निकालते हुए प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक प्रधान जिले सिंह मोर ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से किसान नेताओं को लगातार अपने निशाने पर लिया जा रहा है। किसान नेता रवि आजाद को गिरफ्तार करना सरकार का दमनकारी फैसला है। अगर जल्द ही रवि आजाद को रिहा नहीं किया गया तो किसान कोई बड़ी कॉल भी दे सकते हैं, जिसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा।
ग्रामीण आशीष ने कहा कि किसान नेता रवि आजाद के मामले की जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। सरकार जानबूझकर किसानों के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की कार्रवाई कर रही है। दरअसल 12 दिसंबर को बहल थाना में एक लड़की के पिता ने एक शिकायत दर्ज करवाई थी। इस व्यक्ति ने अपनी शिकायत में किसान नेता रवि आजाद सहित कुल चार लोगों पर उसकी बेटी से छेड़खानी करने व फिर घर से अपहरण करने के प्रयास के गंभीर आरोप जड़े थे।