संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। मेन बाजार स्थित रामलीला ग्राउंड के पास वार्ड नंबर 9 और 11 की सांझी गली में पेयजल पाइपलाइन लीकेज और टूटी सीवरेज लाइन के कारण दो महीनों से समस्या है। हालात ऐसे हैं कि गली में चार फीट गहरा गड्ढा है और उसमें लगातार पानी भरा रहता है।
क्षेत्रवासियों और दुकानदारों ने मुख्यमंत्री, उपायुक्त तथा जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
वार्ड 9 और 11 के निवासी एवं दुकानदार ईश्वर, कुलदीप सिंह, अशोक कुमार, आशू, प्रवीण कुमार, काला राम, मांगेराम, कुलविंदर, बृजेश, नरेश कुमार, सावित्री देवी, उमेश वर्मा, सोनू वर्मा, लवकुश, सुखविंदर, निर्मल कुमार, भीम सिंह राणा, शिवम, पंकज कुमार, दिलबाग सिंह, विजय कुमार और गौरव ने बताया कि सीवरेज पाइपलाइन दो माह पहले टूट गई थी। पाइपलाइन में लीकेज के कारण यह गड्ढा पानी से भरा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार विभाग को शिकायत दी जा चुकी है लेकिन सीवरेज लाइन की मरम्मत नहीं की जा रही है।