कैथल बस अड्डा पर खड़ी राेडवेज व निजी बसें। संवाद
कैथल। जिले में क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) ने 11 रूटों पर स्टेज कैरिज स्कीम के तहत निजी बसों के संचालन के लिए परमिट देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक निजी बस संचालक 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
नए परमिट मिलने के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बस सेवाएं बढ़ने की उम्मीद है जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। परिवहन विभाग ने इन रूटों पर बस संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक संचालकों को संबंधित परिवहन अधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा करवाना होगा।
आवेदन के साथ 25 हजार रुपये की अप्रतिदेय फीस भी जमा करवानी होगी। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित संचालकों को संबंधित रूटों पर बसें चलाने की अनुमति दी जाएगी। कैथल जिले में लंबे समय से बसों की कमी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कई रूटों पर पर्याप्त बसें नहीं होने से यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। यात्री राजेश, मनप्रीत और सीमा ने कहा कि नए रूटों पर बसों का संचालन शुरू होने से समय पर आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
कैथल बस अड्डा पर खड़ी राेडवेज व निजी बसें। संवाद