कैथल। सर्दी के जोर पकड़ने के साथ ही सब्जी मंडी में हरी सब्जियों की आवक बढ़ गई है। इससे सब्जियों के दामों गिरावट आई है। इन दिनों सब्जियों में सबसे सस्ता आलू, गोभी, मूली, गाजर, मेथी, पालक हैं। वहीं 15 दिन पहले 80-100 रुपये किलो बिक रहा टमाटर अब कुछ नरम होकर 40 रुपये प्रति किलो के रेट से बिक रहा है। प्याज का थोक भाव 25 से 30 रुपये किलो चल रहा है।
सब्जी मंडी में पिछले कुछ दिनों तक जहां सभी सब्जियां काफी महंगी बिक रही थीं। हाल ही में जिले में स्थानीय सब्जियों की आवक होने से सब्जियों के कीमतों में गिरावट हुई है। मंडी आढ़तियों के अनुसार पहले गोभी बाहर से आती थी। अब वह आसपास के गांवों से यहां पहुंच रही है। पर्याप्त आवक होने के कारण इसके भाव में भी कमी आई है। सब्जी विक्रेता सुखदेव, संजय, देव, रवि ने बताया कि आगामी दिनों में सब्जियों की शहर की मंडी में आवक अच्छी रहेगी। आने वाले दिनों में आवक और बढ़ेगी और सब्जियों के दामों में और भी गिरावट आने की संभावना है। इससे आम आदमी को राहत मिलेगी।