संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने मंगलवार को कैथल दौरे के दौरान कहा कि जिले में एक प्री-वेडिंग काउंसलिंग सेंटर खोला जाएगा। यह केंद्र युवाओं को विवाह पूर्व व विवाहोत्तर जीवन की समझ देने के लिए कार्य करेगा, ताकि वैवाहिक जीवन में स्थायित्व आए और तलाक की दर को कम किया जा सके।
रेनू भाटिया ने बताया कि देशभर में महिला आयोग द्वारा ऐसे 54 सेंटर खोले जा चुके हैं। हरियाणा में अब तक गुरुग्राम और फरीदाबाद में ये सेंटर कार्यरत हैं। कैथल इस दिशा में अगला ज़िला होगा। उन्होंने जिला प्रशासन को इस केंद्र के लिए स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जैसे ही स्थान तय होता है, कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन केंद्रों में विशेषज्ञों द्वारा युवक-युवतियों की काउंसलिंग की जाएगी कि विवाह पूर्व किन बातों पर विचार किया जाए और विवाह के बाद रिश्ते को निभाने में किन मूल्यों और व्यवहारों को अपनाना आवश्यक है।
वन स्टॉप सेंटर और जेल का निरीक्षण : चेयरपर्सन ने डीसी प्रीति व पुलिस अधिकारियों के साथ महिला अपराध विषयक बैठक के बाद वन स्टॉप सेंटर का दौरा किया। उन्होंने वहां रह रही तीन युवतियों से मुलाकात कर उनके मामलों की जानकारी ली। साथ ही पुराने मामलों का फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके बाद उन्होंने जिला जेल का दौरा कर महिला बैरक में बंद कैदियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जेल प्रबंधन को महिलाओं को सिलाई जैसे हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए, ताकि रिहाई के बाद मानसिक रूप से मजबूत बन सकें।
लघु सचिवालय में चेयरपर्सन ने महिलाओं की 12 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें से चार मामलों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि तीन-चार न्यायालय में लंबित होने के कारण ड्रॉप कर दिए गए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी शशि बाला, महिला संरक्षण अधिकारी सुनीता शर्मा उपस्थित रहीं।