संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल विभाग ने अगले माह से खेल नर्सरियां शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस पहल से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस लाइन में प्रस्तावित खेल नर्सरी को अभी तक आधिकारिक मंजूरी का इंतजार है।
राज्य सरकार और खेल विभाग की ओर से विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर जिले में खेल नर्सरियां स्थापित की जानी हैं। इन नर्सरियों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। जिले में फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स सहित अन्य खेलों की नर्सरी शुरू करने की योजना है।
कैथल पुलिस लाइन मैदान को फुटबॉल खेल नर्सरी के लिए प्रस्तावित किया गया है, जहां पहले से ही कई युवा खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं। सुबह-शाम मैदान में खिलाड़ियों की मेहनत उनके खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
फुटबॉल खिलाड़ी अमित ने बताया कि वह कई महीनों से यहां अभ्यास कर रहे हैं। यदि यहां खेल नर्सरी शुरू होती है तो उन्हें बेहतर कोचिंग और सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे अपने खेल को नई दिशा दे सकेंगे। वहीं खिलाड़ी राहुल ने कहा कि सरकार की यह पहल खिलाड़ियों के लिए बेहद लाभकारी है और वे इसके जल्द शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
खेल विभाग के अनुसार, अगले माह खेल नर्सरियों की सूची जारी की जाएगी। स्थानों का चयन लगभग पूरा हो चुका है और अंतिम मंजूरी की प्रक्रिया जारी है। पुलिस लाइन को भी इस सूची में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि पुलिस लाइन में खेल नर्सरी को मंजूरी मिलती है तो इससे जिले के खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।