कैथल। कौशल विकास व औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की तरफ से जारी शेड्यूल के तहत शनिवार से आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया शुरू होनी थी लेकिन पोर्टल ही नहीं खुला। इस दौरान आवेदन करने के लिए पहुंचे विद्यार्थियों के हाथ निराशा लगी। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पोर्टल तकनीकी खामी के कारण नहीं चल पाया है। इसे दुरुस्त किया जा रहा है। दावा किया कि सोमवार से यह सुचारू ढंग से काम करना शुरू कर देगा।
गौरतलब है कि आईटीआई में पिछले तीन साल से ऑनलाइन माध्यम से दाखिला प्रक्रिया में आवेदन लिए जाते हैं। बावजूद इसके शुरुआत में पोर्टल नहीं खुल पाता। विद्यार्थी संदीप व मुकेश ने बताया कि पोर्टल न चलने को लेकर वे आईटीआई गए तो कर्मचारियों ने कहा कि पोर्टल का कार्य निदेशालय व सरकार द्वारा किया जा रहा है। इस बारे वे कुछ नहीं कह सकते। वहीं अटल सेवा केंद्र के संचालक दीपक कुमार ने कहा कि उसके पास भी आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन करने के लिए कई विद्यार्थी पहुंचे, लेकिन पूरा दिन पोर्टल नहीं चला।
आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी सतीश मच्छाल ने बताया कि निदेशालय की तरफ से पोर्टल जल्द ही दुरुस्त कर दिया जाएगा। सोमवार से सही तरह से आवेदन किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए जिले की सभी आईटीआई में सहायता केंद्र बनाए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों की मदद की जाएगी।
कलायत आईटीआई में सत्र 2022-23 के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 अगस्त तक स्वीकार किए जाएंगे। संस्थान ईएसआई वीरेंद्र श्योकंद व सतीश कुमार ने बताया कि दाखिला से संबंधित दिशा निर्देशों के लिए विवरण पत्रिका, संस्थानों की सूचि व दाखिले के लिए उपलब्ध सीटों की सूचना विभाग की वेबसाइट पर ही उपलब्ध होगी।