संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोग प्रतिदिन जाम और असुविधाओं का सामना कर रहे हैं। मुख्य सड़कों पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण दिनभर ट्रैफिक बाधित रहता है। कई जगह सड़क का आधा हिस्सा वाहन घेरे होने से सुचारू आवागमन मुश्किल हो गया है।
अंबाला रोड, ढांड रोड, करनाल रोड, छात्रावास रोड, भगत सिंह चौक, पिहोवा चौक, कमेटी चौक, गीता भवन मंदिर मार्ग, तलाई बाजार, गोबिंद कॉलोनी और आरके पुरम जैसे प्रमुख क्षेत्रों में दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। निजी अस्पताल, बैंक और अन्य प्रतिष्ठानों के लोग अपने वाहन सीधे सड़क पर खड़े कर देते हैं, जिससे सड़कों पर जगह कम पड़ जाती है और जाम की स्थिति लगातार बनी रहती है।
सबसे अधिक जाम अम्बाला रोड, ढांड रोड और करनाल रोड पर देखा जाता है। लोग गंतव्य के सामने वाहन खड़ा करना आसान समझते हैं और दूर पार्किंग में लगाने या पैदल चलने से कतराते हैं। कई जगहों पर पार्किंग लाइनें सेंटर लाइन तक फैल गई हैं। यातायात थाना प्रभारी नरेश कुमार ने कहा कि अतिक्रमण और बेतरतीब खड़ी वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन और नगर परिषद की ओर से पार्किंग की कोई उचित सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई है। मजबूरी में लोग सड़क के बीच ही वाहन खड़ा कर देते हैं।
शहर के ट्रैफिक सिस्टम के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था और बड़े वाहनों के लिए निर्धारित रूट प्लान का अभाव गंभीर चुनौती बन गया है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अव्यवस्थित पार्किंग पर कड़ी कार्रवाई की जाए और शहर में जल्द से जल्द पार्किंग स्थल विकसित किए जाएं, ताकि जाम और ट्रैफिक समस्याओं से छुटकारा मिल सके।
सब्जी मंडी और प्रमुख चौक भी प्रभावित
सब्जी मंडी में दिनभर ट्रैफिक धीमी गति से चलता है, जिससे सड़क का उपयोग केवल एक तरफ से ही हो पाता है। पिहोवा चौक, छात्रावास चौक, भगत सिंह चौक, गीता भवन और तलाई बाजार में भी लगातार जाम की समस्या बनी रहती है।