संवाद न्यूज़ एजेंसी
कैथल। पुलिस की टीमों ने शनिवार को एक साथ 150 संदिग्ध घरों की जांच की। शनिवार सुबह थाना प्रबंधक कलायात एसआई जयभगवान, एसएचओ तितरम एसआई कृष्ण, एसएचओ थाना शहर पीएसआई शनेष, एसएचओ थाना ढांड इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह, एसएचओ गुहला एसआई रामपाल व कमांडो दस्ते के साथ 15 पुलिस टीमों में 200 पुलिस कर्मचारी अभियान में शामिल हुए।
पुलिस कर्मचारियों ने स्नाइपर डॉग की सहायता से थाना कलायत, ढांड, शहर व गुहला क्षेत्र में सर्च आपरेशन चलाया गया। इसके तहत पूरे क्षेत्र में आमजन के मन में सुरक्षा के भावों को पुख्ता किया व करीब 150 संदिग्ध घरों की जांच की गई।
एसपी राजेश कालिया ने कहा कि सुबह-सुबह चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना व अपराधियों में भय उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में मुख्य रूप से नशे का कारोबार करने वालों और आपराधिक कार्यों में शामिल आरोपी जो गैर कानूनी तरीके से रह रहे हों पर शिकंजा कसना है, जिला पुलिस का उद्देश्य कैथल जिला को नशा मुक्त बनाना है। इसके साथ साथ पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के अलावा वहां मौजूद आमजन को समझाया गया कि किसी प्रकार के मादक पदार्थ बेचने वाले या अन्य किसी अपराधी के बारे में पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा, इसके साथ साथ नशा ना करने के बारे में भी जागरूक किया गया।
एसपी ने कहा कि पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा और इससे या तो आपराधिक व्यक्ति अपराध करना छोड़ देगा या वह कैथल के क्षेत्र को छोड़ देगा।