संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अपराध नियंत्रण के लिए जिले में मंगलवार को चलाए गए ऑपरेशन आक्रमण के तहत पुलिस ने 45 आरोपियों को काबू किया। यह कार्रवाई एसपी आस्था मोदी के नेतृत्व में की गई, जिसमें जिलेभर में दबिश देकर विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसपी के निर्देश पर थाना, चौकी और अपराध जांच शाखा स्तर पर 66 टीमों का गठन किया गया, जिनमें 281 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। अलग-अलग जगहों पर रेड कर 17 केस दर्ज किए गए। इनमें आबकारी अधिनियम के 13 मामले शामिल हैं, जिनमें 12 आरोपी पकड़े गए और 83 बोतल देसी शराब, 40
बोतल हथकढ़ी व 855 लीटर लाहन बरामद हुआ।
जुआ-सट्टा खाईवाली में एक आरोपी पकड़ा गया, जिससे 2310 रुपये बरामद हुए। अवैध असलहा रखने के दो मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिनके पास से दो देसी पिस्तौल व एक कारतूस बरामद हुआ।
नशा तस्करों पर भी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू किया गया। एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई राजबीर सिंह की टीम ने गांव बाता निवासी तेजपाल को 757 ग्राम चरस सहित पकड़ा, जबकि चौकी क्योड़क प्रभारी एएसआई मोहन लाल की टीम ने गांव धौंस निवासी पाला को 1.150 किलो ग्राम डोडा पोस्त सहित काबू किया। इसके अलावा पांच भगोड़े, एक नॉन-बेलेबल वारंट और दो कंडीशनल वारंट वाले आरोपी भी गिरफ्तार किए गए।
ऑपरेशन के दौरान ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 45 चालान भी काटे गए और वाहन चालकों को जागरूक किया गया।