कैथल। पहले पीएम के लिए गाने गाने पर और अब सीएम के लिए गाने गाने पर गायक एवं भाजपा नेता रॉकी मित्तल को जान से मारने की धमकी दी गई। दो युवक यूपी के नंबर की गाड़ी में सवार होकर उसकी दुकान पर आए और उसे गाने न बनाने को लेकर कहा। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद मार्केट में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना मिलने पर एसएचओ सिटी रोहताश मौके पर पहुंचे। रॉकी मित्तल ने बताया कि मंगलवार दोपहर को अपनी मोबाइल की दुकान पर बैठा हुआ था। जहां यूपी नंबर की कार में 2 युवक आए और आते ही युवकों ने उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और एमपी का गानों के माध्यम से गुणगान छोड़ने को कहा। उसने अभी हाल ही में मुख्यमंत्री की प्रशंसा में सीएम खट्टर के साथ खड़ी हर जात, खट्टर साहब ना तुम घबराना, तेरे बच्चा-बच्चा साथ गीत गाया है।
धमकी देने वाले युवकों ने कहा कि किसी जातियों के प्रदर्शन या आंदोलन में भी भाग ना लें। यदि ऐसा किया तो अंजाम भी भुगतना पड़ेगा। युवक उसे धमकी देकर फरार हो गए। रॉकी मित्तल ने कहा कि उसने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस को 100 नंबर व एसपी के मोबाइल पर दे दी है। मामले की सूचना मिलते ही सिटी एसएचओ रोहताश घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। उसने कहा कि वह इन दो युवकों को पहचानता है। इन्हीं दो युवकों ने पेट्रोल पंप पर भी एक वारदात को अंजाम दिया था। उसने कहा कि पहले पीएम के लिए गाने गाने पर यूपी से ही मोबाइल नंबर पर फोन करके जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस संबंध में भी केस दर्ज हुआ था। जिसमें आज तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई।
थाना प्रभारी ने कहा कि पता लगाया जा रहा है कि मामला क्या है। जांच पड़ताल के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।