संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कबड्डी खिलाड़ियों को खेल के माध्यम से विदेश भेजने के नाम पर 3.75 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आर्यन ने शिकायत में बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और कबड्डी खिलाड़ी है। खेल के दौरान उसकी जान-पहचान गांव रोहेड़ा निवासी सतीश से हुई। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहा कि वह खेल कोटे के आधार पर कम खर्च में उसका ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवा सकता है। आरोपी की बातों में आकर वह तैयार हो गया।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने विदेश भेजने के लिए 15 लाख रुपये खर्च आने की बात कही और बताया कि वह अपने जानकार फिल्लौर निवासी अवतार के माध्यम से यह काम करवा देगा। आपसी सहमति से कुछ पैसे पहले और बाकी पैसे काम होने के बाद देने की बात तय हुई। इस पर फरवरी 2025 में आर्यन ने करीब एक लाख 25 हजार रुपये अवतार के खाते में जमा करवा दिए। उसके दो दोस्तों ने भी इतनी ही राशि आरोपी के बताए खाते में डाल दी।
इसके बाद सतीश ने उनके रिश्तेदार राजेश के मोबाइल पर ऑस्ट्रेलिया जाने को लेकर कबड्डी फेडरेशन का एक पत्र भेजा। आरोप है कि इसके बाद
करीब सात माह तक आरोपी
उन्हें लगातार गुमराह करता रहा। बाद में उसने उनका वीजा रिफ्यूज होने का पत्र भेज दिया।
जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने रकम लौटाने से इन्कार कर दिया। अब आरोपियों ने उनके फोन उठाने भी बंद कर दिए हैं। पीड़ितों का आरोप है कि उनके साथ सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई है।
पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है। राजौंद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी प्रवीन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।