फरल में पौधारोपण करते अध्यापक व बच्चे
पूंडरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गांव फरल में एक पौधा- आने वाली पीढ़ियों के नाम विषय के तहत प्रेरणादायक पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान में समाजसेवी मास्टर विनोद कुमार और संजय के नेतृत्व में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 13 पौधे लगाए। इस दौरान नीम, अमरूद, जामुन और शहतूत जैसे छायादार, औषधीय व फलदार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना और प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
मास्टर विनोद कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमें शुद्ध वायु, छाया, फल और स्वस्थ जीवन प्रदान करते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। इस अवसर पर अनमोल, नूर, आरव, दीपांशु, दीपक, स्मृति, रोहन सहित अन्य बच्चों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ पौधारोपण किया।
फरल में पौधारोपण करते अध्यापक व बच्चे