कैथल। जम्मू-कटरा हाईवे पर गांव खरक पांडवा के पास शनिवार करीब सात बजे सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को अज्ञात पिकअप चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सड़क किनारे खड़ी गाड़ी का चालक घायल हो गया। हादसे में उसकी टांग टूट गई, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद पटियाला रेफर किया गया।
पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के जिला पटियाला के गांव शेरगढ़ निवासी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वह पेशे से चालक है। शनिवार शाम करीब सात बजे वह एक निजी गाड़ी में गाजियाबाद से जम्मू-कटरा हाईवे के रास्ते लौट रहा था। इसी दौरान खरक पांडवा टोल से पहले उसके परिचित चालक का फोन आया। उसने बताया कि वह दिल्ली की तरफ से पीछे आ रहा है और दोनों साथ घर जाएंगे। भूपेंद्र के अनुसार उसने अपनी गाड़ी हाईवे से नीचे उतारकर साइड में खड़ी कर दी और इंतजार करने लगा। कुछ देर बाद एक पिकअप चालक तेज गति और लापरवाही से टेढ़ी-मेढ़ी गाड़ी चलाते हुए आया और उसकी खड़ी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी पिकअप लेकर खनौरी की तरफ भाग गया। टक्कर लगने से उसकी बांई टांग टूट गई और उसके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटें आईं। साथ ही उसकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। संवाद