कैथल। चीका पुलिस ने शनिवार देर रात लूट की वारदात का प्रयास करने वाले आरोपी चीका निवासी सुखदेव उर्फ सूखा तथा गांव सैर निवासी साहिल, ईश्वर व प्रवीन को काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने देर रात पटियाला रोड पर एक कार सवार युवकों को रोककर सोने की चेन, कड़ा व नकदी लूटने का प्रयास किया और पुलिस नाका पर तैनात कर्मचारियों को गाड़ी से कुचलने की कोशिश भी की।
वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी भी कब्जे में ले ली गई। आरोपी सुखदेव का अदालत से 2 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया जबकि शेष सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया की नवाब अली निवासी गांव झंडी जिला पटियाला पंजाब ने शिकायत में बताया था कि वह अपने दोस्त हरविंदर सिंह के साथ गाड़ी में सवार होकर कुरुक्षेत्र से अपने गांव लौट रहा था। शनिवार की रात करीब 12:15 बजे जब वे चीका चौक से पटियाला रोड की तरफ मुड़े तो पीछे से एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार 7-8 आरोपियों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर जबरदस्ती रोकने का प्रयास किया।
शिकायतकर्ता ने बताया उसने गाड़ी तेज गति से भगा ली। इसके बाद भी आरोपी लगातार उसका पीछा करते रहे। टटियाना गांव के पास आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी उसकी गाड़ी के आगे खड़ा कर उसे रुकवा लिया।
इस दौरान एक युवक निकल कर आया। जिसने अपना नाम सुखदेव उर्फ सूखा निवासी चीका बताया। गाड़ी से नीचे उतरते ही आरोपी ने गाड़ी की चाबी निकाल ली। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर सोने का कड़ा, चेन और नकदी मांगनी शुरू कर दी। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार अन्य युवक भी डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए।
शिकायतकर्ता व उसका साथी मौका पाकर वहां से भागकर कुछ दूरी पर लगे पुलिस नाका पर पहुंचे। आरोपी भी उनके पीछे-पीछे स्कॉर्पियो लेकर पुलिस नाका तक पहुंच गए।
पुलिस कर्मचारियों की ओर से गाड़ी रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार से पुलिस कर्मचारियों की तरफ चढ़ाने की कोशिश की, जिससे पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बचे। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर चार आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना चीका में प्राथमिकी दर्ज कर ली। संवाद