संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। होली का त्योहार 24 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा। बाजार में रंग-गुलाल और पिचकारियां सज गई हैं। दुकानदारों के मुताबिक, ज्यादातर बच्चे और युवा बड़ी पिचकारियोंं की मांग कर रहे हैं।
शहर के मुख्य मेन बाजार, तलाई बाजार, रेलवे गेट बाजार, छात्रावास रोड, जनता मार्केट सहित अन्य जगहों पर दुकानें रंग, गुलाल व पिचकारियों से सजी हुई नजर आ रही हैं। पिचकारी और रंग खरीदने के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
बाजार में जहां बच्चे टैंक वाली पिचकारी, गन, मोटू, पतलू व शिवा की पिचकारियों को पसंद कर रहे हैं, वहीं कई युवा भी पिचकारियां खरीद रहे हैं। साथ ही वे हर्बल रंगों की खरीद को अधिक महत्व दे रहे हैं। अभी होली के दिन को चार दिन बाकी है, लेकिन अभी से बाजार में लोग विभिन्न दुकानों पर खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
हर्बल रंगों की मांग ज्यादा ः बाजारों में हर्बल रंग व गुलाल की मांग ज्यादा है। हर्बल गुलाल 150 रुपये का प्रति किलो बिक रहा है। जबकि सामान्य गुलाल 120 रुपये किलो बिक रहा है। इसी प्रकार अच्छी क्वालिटी का रंग 80 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार बीते वर्ष की बजाय 15 दिन की देरी से होली का पर्व आ रहा है। इसलिए लोगों में उत्साह है। -अजय, दुकानदार।
बाजार में पिचकारियांे की कई रेंज उपलब्ध
मार्केट में बच्चों के लिए पिचकारियों में छोटा भीम, डोरेमोन, बैनटेंन, मोटू-पतलू, टैंक, गन, स्प्रे और शिवा की पिचकारियों की मांग ज्यादा है। पिचकारियों में छह रुपये से लेकर 300 रुपये तक के भाव की पिचकारियां उपलब्ध हैं। इस बार खरीदारी अच्छी हो रही है। बच्चे कार्टून वाली पिचकारियों को खरीद रहे हैं और युवा बड़े साइज की पिचकारियों की मांग कर रहे हैं। रंग व गुलाल भी काफी मात्रा में बिकने शुरू हो गए हैं। इस पर्व पर हर्बल रंगों को युवा वर्ग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा स्प्रे, गुबारे भी बच्चों की पंसद है। सभी कलर स्वदेशी हैं। -दीक्षित मित्तल, दुकानदार।