कैथल। गुहला थाना क्षेत्र में 10 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) रखने के मामले में एनडीपीएस की विशेष अदालत ने आरोपी देवेंद्र सिंह को दोषी करार दिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एवं एनडीपीएस विशेष अदालत के पीठासीन अधिकारी मोहित अग्रवाल की अदालत ने आरोपी को 15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। अदालत ने 12 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक जेल में बिताई अवधि को ही उसकी सजा माना। जुर्माना अदा करने के बाद आरोपी को रिहा करने के आदेश दिए गए।
अभियोजन पक्ष के अनुसार गुहला थाना पुलिस ने 12 फरवरी 2026 को आरोपी देवेंद्र सिंह निवासी अजीमगढ़, जिला कैथल के कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। आरोपी के पास नशीला पदार्थ रखने का कोई वैध परमिट या लाइसेंस नहीं था। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। अदालत में सुनवाई के दौरान 29 मई 2026 को आरोपी के खिलाफ आरोप तय किए गए। सुनवाई के दौरान देवेंद्र सिंह ने बिना किसी दबाव या प्रभाव के स्वेच्छा से अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद अदालत ने उसे दोषी करार दिया।
सजा पर बहस के दौरान आरोपी ने अदालत को बताया कि वह गरीब परिवार से है और छोटे-मोटे काम करके आजीविका चलाता है। परिवार में वह अकेला ही कमाने वाला है। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला नहीं है। आरोपी के अधिवक्ता ने इन परिस्थितियों को देखते हुए नरमी बरतने की अपील की।
अदालत ने फैसले में कहा कि आरोपी से बरामद हेरोइन की मात्रा 10 ग्राम थी जबकि इसकी वाणिज्यिक मात्रा 250 ग्राम निर्धारित है। आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने नहीं आया। अदालत ने सुधारात्मक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए माना कि लंबी अवधि तक जेल में रखने से उसके सुधार की संभावना प्रभावित हो सकती है।
अदालत ने आरोपी को 12 फरवरी से 16 मार्च तक काटी गई जेल की अवधि की सजा सुनाते हुए 15 हजार रुपये जुर्माना लगाया। जुर्माना अदा नहीं करने पर दो महीने का कठोर कारावास भुगतना पड़ता। आरोपी ने जुर्माना जमा कर दिया जिसके बाद अदालत ने उसकी रिहाई के आदेश जारी कर दिए।