संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विशेष विधिक सहायता क्लीनिक मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में आयोजित किया। इसमेंं आए लोगों ने समस्याएं बताने के साथ दिक्कतें बताईं।
प्राधिकरण की तरफ से एडवोकेट जयप्रकाश, प्राधिकारण की पैरा लिगल वालिंटियर नीलम धानियां और नीलम शर्मा मौजूद रही। शिविर में कश्यप कॉलोनी की महिला ओमी देवी व फूलपति ने गुलाबी राशन कार्ड होने के बाद भी सरकार की नीति के अनुसार परिवार को राशन न मिलने की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि परिवार के पास रोटी का कोई जरिया नहीं है। मजदूरी करते हुए वे गुजर बसर कर रहे हैं। इस समस्या के निवारण के लिए वे पिछले काफी समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। समस्या ज्यों की त्यों है।
पिता-पुत्र अंकित और नरेश ने तमाम प्रयासों के बाद भी आधार कार्ड में पता दुरुस्त न हो पाने की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि इसके कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कविता ने टीम के समक्ष ससुराल में वोटर और आधार कार्ड की पहचान न मिलने से आ रही समस्याओंं का उल्लेख किया। इसी तरह अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं प्राधिकरण के पटल पर रखी।
प्राधिकरण टीम सदस्यों ने क्रमवार इन समस्याओं के समाधान की राह उन्हें दिखाई। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष विधिक सहायता क्लीनिक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करना है।
यह क्लीनिक विशेष रूप से उन लोगों के लिए जो कानूनी सलाह प्राप्त करने में आर्थिक रूप से सक्षम नहीं थे। जिले में ऐसे शिविर चलते रहेंगे। इसमें विशेषज्ञ वकील सलाह देते हैं। इसमें महिल एवं बच्चों के अधिकारों, घरेलू हिंसा, संपत्ति विवाद, परिवारिक मामलों और अन्य कानूनी मुद्दों पर चर्चा की जाती है।