संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश नशा का अड्डा बन चुका है। नशे के नासूर से बचाने के लिए भाजपा सरकार न अपराधियों पर लगाम लगा पा रही और ना ही नशा मुक्ति केंद्रों पर जरूरी इंतजाम कर पा रही।
सुरजेवाला ने कहा कि नशा पीड़ितों के इलाज के लिए बने प्रदेश भर के नशा मुक्ति केंद्र खुद ही बीमार पड़े हैं। कहीं स्टाफ नहीं तो कहीं बजट की मार चल रही है। नशे की बर्बादी में डूबते हरियाणा को बचाने के लिए, आख़िर भाजपा सरकार कब जिम्मेदारी लेगी?
विधायक आदित्य सुरजेवाला व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य सुदीप सुरजेवाला ने गांव देवीगढ़, शेरगढ़, ड्योढखेड़ी, भैणीमाजरा, पट्टी अफगान और वार्ड 30 डोगरा गेट में धन्यवाद कार्यक्रम किए। इस मौके पर उन्होंने जनता का आभार जताने के साथ भाजपा सरकार पर हमला बोला।
विधायक आदित्य ने कहा कि नशे के जहर में डूबते हरियाणा के 120 नशा मुक्ति केंद्र भी अब सिर्फ कागजों में ही सिमट कर रहे हैं जिस कारण मरीजों का इलाज भी मुश्किल हो चुका है। हरियाणा में चल रहे हैं नशा मुक्ति केंदों को कई सालों से बजट ही नहीं मिला है मजबूरन कई केंद्र बंद हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में सबसे ज्यादा नशा प्रभावित कालांवाली में नशा मुक्ति केंद्र के मरीज हैं जो अब लंगर के भरोसे गुजारा करने को मजबूर हो चुके हैं। कुरुक्षेत्र के नशा मुक्ति केंद्र को 2016 से ही बजट नहीं मिला है आखिरकार अब 2020 में ताला लग चुका है। नारनौल के नशा मुक्ति केंद्र में 30 साल से चल रहा था मरीजों का इलाज लेकिन फिर भी उधर लाइसेंस रद्द कर दिया गया।