कैथल। पंजाबी गीत-संगीत और नृत्य की स्वरलहरियों के बीच पंजाबी वेलफेयर सभा का लोहड़ी उत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ। पंजाबी और पंजाबियत की गर्माहट इस कार्यक्रम में देखने को मिली जहां लोहड़ी के अलाव के इर्द-गिर्द पंजाबी नृत्य की धूम रही। वहीं, पर्व की खास बात गिले शिकवे भुलाकर लोग एक दूसरे से गले मिलते भी देखे गए। कार्यक्रम में बच्चों की शानदार प्रस्तुतियां व पंजाबी गीतों की धुनों पर लोग कुछ पल सुकून के बिताने के लिए खूब थिरके।
कार्यक्रम का आगाज मुख्यातिथि समाजसेवी कमल आहूजा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज सेवी जगदीश कटारिया अन्य गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद यह कार्यक्रम लगातार देर रात तक तीन घंटे तक अपनी प्रस्तुतियों से हर खासो आम को अपने मोहपाश में बांधने में सफल हुआ। सभा के प्रधान सुभाष कथूरिया व मुख्य संरक्षक इंद्रजीत सरदाना ने अतिथियों का अभिवादन किया। उसके बाद गीत और संगीत का कार्यक्रम निरंतर चलता रहा। लव शर्मा डांस अकादमी से मीनाक्षी शर्मा ने संगीतबद्ध कार्यक्रम का आगाज लोहड़ी गीत से शुरू किया गया।
सभा का यह कार्यक्रम सभी को अपने साथ जोड़ने में सफल रहा। चाहे वह नवविवाहित जोड़े थे, छोटे नौनिहाल और बच्चे तथा बेटियां या फिर बुजुर्ग दंपती सभी ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए खूब मस्ती की। मुख्यातिथि कमल आहूजा ने लोहड़ी पर्व पर अपने संदेश में कहा कि यह पर्व पंजाबियों की खुशी का त्योहार है। इस त्योहार के माध्यम से रिश्तों में गर्माहट पैदा होती है। उन्होंने कहा कि लोहड़ी पर जब एक साथ सैकड़ों परिवार खुशी की उमंग से सरोबार रहते हैं तो लगता है कि वास्तव में पंजाबी समुदाय का देश के नवनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जगदीश कटारिया ने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों ने उन्हें खूब लुभाया है। यहां आकर महसूस किया है कि अपनों के बीच बैठकर किस उत्साह को हम महसूस कर सकते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन समुदाय को संगठनात्मक मजबूती प्रदान करेगा। मुख्य संरक्षक इंद्रजीत सरदाना ने कहा कि साल भर विभिन्न दायित्वों से जूझते हुए हम सब एकत्रित होने की बात कहीं भूल जाते हैं।।
सभा के प्रधान सुभाष कथूरिया ने कहा कि यह पर्व हमें यह संदेश देता है कि घर से निकलते समय सुबह हम यह संकल्प जरूर लें कि आज हमें उन लोगों के लिए कुछ करना है जिनको किसी भी चीज की जरूरत है। सभा के प्रधान सुभाष कथूरिया ने कहा कि अभी तो सभा सभी सदस्यों के सहयोग से पायदान दर पायदान आगे बढ़ते हुए पंजाबी सभा के उत्थान के लिए सभा निरंतर अग्रसर रहेगी। इस कार्यक्रम में लक्की ड्रा भी आकर्षण का केंद्र रहा।
इसमें प्रथम पुरस्कार राजीव कालड़ा, द्वितीय पुरस्कार डॉ. पवन थरेजा, तृतीय पुरस्कार राज कुमार दुआ, चतुर्थ पुरस्कार इंद्रजीत सरदाना को मिला। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र खन्ना ने किया।इस मौके पर सुषम कपूर,राकेश मल्होत्रा, कविश ग्रोवर,महेंद्र खन्ना,गुलशन चूघ,राजीव कालड़ा,ललित छाबड़ा, अश्विनी खुराना, तुलसी दास मदान को साल के सर्वश्रेष्ठ सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।