पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज होगा। कलायत और सीवन खंड में 75 गांवों में मतदान होगा। 1,41,000 मतदाता अपने-अपने गांवों की सरकार चुनेंगे। हालांकि नौ ग्राम पंचायतों में सरपंचों का चुनाव आपसी सहमति से हो चुका है लेकिन पंचायत सदस्यों, ब्लॉक समितियों तथा जिला परिषद के लिए मतदान होगा।
रविवार सुबह साढ़े सात बजे वोटिंग शुरू होगी जो शाम चार बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद पंचायत सदस्यों और सरपंचों का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। ब्लॉक समिति और जिला परिषद का परिणाम 28 जनवरी को घोषित होगा। दोनों खंड के एक लाख 41 हजार 888 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए प्रशासन द्वारा कलायत में 145 तथा सीवन में 123 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
1. कलायत
मतदान केंद्र संवेदनशील अति संवेदनशील मतदाता
145 64 25 74311
सर्वसम्मति से चयन : शिमला व कौलेखां में सरपंच, ब्लॉक समिति के तीन वार्ड व 272 पंचों का सर्वसम्मति से चयन हो चुका है।
मैदान में डटे उम्मीदवारों की स्थिति
पंच सरपंच ब्लॉक समिति
164 100 54
2. सीवन
मतदान केंद संवेदनशील अति संवेदनशील मतदाता
123 13 11 67577
सर्वसम्मति से चयन
आंधली, ककराला कुचियां, रामथली एवं थेह खरक व डेरा प्रेमपुरा में सरपंच व पंचायत का सर्वसम्मति से चुनाव। 277 पंचायत सदस्यों व ब्लॉक समिति में एक वार्ड के लिए सर्वसम्मति से चुनाव।
मैदान में डटे उम्मीदवार
पंच सरपंच ब्लॉक समिति
266 136 66
इसके अलावा जिले भर में जिला परिषद के 147 उम्मीदवार मैदान में हैं।
इन पहचान पत्रों से भी हो जाएगी पहचान
चुनाव में वोटर कार्ड के अलावा 15 अन्य पहचान पत्र भी मान्य किए गए हैं। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, सेवा पहचान कार्ड, फोटो युक्त बैंक पास बुक, फोटो युक्त स्वतंत्रता सेनानी पहचान पत्र, फोटो युक्त अनुसूचित जाति / जन जाति / अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, फोटो युक्त विकलांग प्रमाण पत्र, फोटो युक्त हथियार लाइसेंस, फोटो युक्त मनरेगा जॉब कार्ड, फोटो युक्त संपत्ति दस्तावेज, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, फोटो युक्त स्वास्थ्य बीमा योजना स्मार्ट कार्ड, फोटो युक्त राशन कार्ड, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट शामिल हैं।
गांव खुराना के वार्ड नंबर 6 में भी आज मतदान
कैथल। राज्य चुनाव आयोग के आदेशानुसार 24 जनवरी को सुबह साढे़ 7 बजे से शाम 4 बजे तक कैथल खंड के गांव खुराना के वार्ड नंबर-6 से पंच के पद के लिए दोबारा मतदान करवाया जाएगा। यह मतदान गांव के राजकीय प्राइमरी स्कूल के भवन में बूथ नंबर 97 में होगा। प्रथम चरण के मतदान के दौरान एक उम्मीदवार स्नेहलता का नाम मतदाता सूची में न होने के कारण प्रक्रिया को रोक दिया गया था। अब इनका नामांकन रद्द होने के बाद बाकी उम्मीवारों में से पंच के चयन के लिए मतदान करवाया जाएगा।