पंचायत चुनाव में जिले में 12 गांवों में सर्वसम्मति से चुने गए सरपंचों में छह महिलाएं हैं। वहीं गांव बुडनपुर में तो गांव की दसवीं पास बेटी को ही सरपंच बनाने पर सहमति बन गई है।
जिले में गुहला खंड की रत्ताखेड़ा कड़ाम, बुढनपुर, थेहबुटाना, डेरा गुरुगोबिंद सिंह नगर, खंबेडा तथा कैथल खंड की मानस पट्टी में लोगों ने महिलाओं को आपसी से सरपंच चुना है। इसके अलावा कैथल के प्रथम चरण के मतदान में 10 जनवरी को भाग लेने वाले कैथल खंड की दो तथा गुहला खंड की पांच पूरी की पूरी पंचायतें निर्विरोध चुनने पर सहमति बनी है।
इनमें कैथल ब्लॉक में देवीगढ़ व उझाना तथा गुहला ब्लॉक में खेड़ी दाबन, रत्ताखेड़ा कड़ाम, बुढनपुर, सरकपुर तथा थेहबुटाना ऐसी पंचायतें हैं जो पूरी की पूरी सहमति से चयनित हुई हैं।
वे गांव जहां सरपंचों के लिए सहमति बनी है
जिले में कैथल ब्लॉक में पांच सरपंच निर्विरोध चुने जाने पर सहमती बनी है, जिनमें गांव हरसौला, देवीगढ़, उझाना, भानपूरा व मानस पट्टी गांव शामिल हैं। इसी प्रकार गुहला खंड के दो गांव डेरा गुरु गोबिंद सिंह नगर तथा खंबेड़ा के सरपंच भी निर्विरोध चुने जाएंगे।
कैथल खंड के कुछ ऐसे भी गांव हैं जहां इस पंचायत चुनाव में समस्त गांव के समस्त पंच निर्विरोध चुने जाने पर सहमती बनी है। इन गांवों में धुंधरेहड़ी, चक्कपाड़ला छौत, सांपनखेड़ी, सिसमौर, पट्टी डोगर सिल्लाखेड़ा शामिल हैं लेकिन दो ऐसे गांव हैं, जिनके एक-एक वार्ड में पंच उम्मीदवार के लिए कोई चुनाव नहीं होगा, क्योंकि इन वार्डों में चुनाव के लिए कोई आवेदन नहीं है। गांव प्यौदा के वार्ड नंबर 4 तथा गांव हरसौला के वार्ड नंबर-5 में पंच उम्मीदवार के लिए कोई आवेदन दाखिल नहीं हुआ है।
ये मिलेगी राशि
जिन गांव में पूरी ग्राम पंचायत का चुनाव आम सहमति से होगा, उन गांवों को 11 लाख रुपये की राशि प्रोत्साहन स्वरूप विकास के लिए दी जाएगी। प्रथम चरण के चुनाव में अब तक कैथल व गुहला की ऐसी सात पंचायतें इस पुरस्कार राशि के लिए अभी तक पात्र पंचायतों के रूप में सामने आई हैं। जिला परिषद के लिए चुनाव में आम सहमती बनने की स्थिति में सरकार की तरफ से पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की योजना है। इसी प्रकार पंचायत समिति के समिति के पद के लिए आम सहमती बनने की स्थिति में दो लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। पंच दावेदार आम सहमति से चुने जाने की स्थिति में सरकार की तरफ से 50 हजार रुपये की राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। कैथल व गुहला खंड के प्रथम चरण के चुनाव में अब तक 889 पंच के पद निर्विरोध चुने जाने की स्थिति बनी है। इन सभी को 50-50 हजार रुपये की राशि पंचायतों को विकास कार्यों के लिए प्रदान की जाएगी।
फरियाबाद में भी सरपंच के चुनाव पर बनी सहमति
खंड मुख्यालय के गांव फरीयाबाद में ढुल खाप की हुई पंचायत में गांव की सरपंच के लिए गांव की बीए पास महिला को चुनने पर सहमति बनी है। पंचायत की अध्यक्षता ढुल खाप के अध्यक्ष इंद्र सिंह ढुल ने की। इसके अतिरिक्त पंचायत में खाप के महासचिव रणधीर सिंह, पूर्व एसडीएम मांगे राम, पूर्व सरपंच महा सिंह, मा. चंद्रभान, धर्म सिंह भाना, बीरा राम पाई, धर्म सिंह, ओमप्रकाश ढुल सेरधा, जिया लाल, मा. रामचंद्र, भीम सिंह, राधा राय, शमशेर, पूर्ण चंद, रूपा, रामदिया, रमेश कुमार व गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। 11 बजे शुरू हुई पंचायत दोपहर ढाई बजे तक चली। सरपंच चुनने के लिए 15 सदस्यों की कमेटी बनाई गई जिसमें ममता देवी पत्नी दिनेश को सरपंच चुनने पर सहमति बनी है। इसके अलावा वार्ड नंबर 3 से कविता पत्नी अशोक को सर्व सम्मति से पंच चुना गया। वार्ड नंबर 4 से सोहन लाल, वार्ड नंबर 5 से बलविंद्र, वार्ड नंबर 6 से राजेंद्र को पंचायत सदस्य चुन लिया गया। गांव में कुल 7 वार्ड हैं जिसमें 4 वार्डों पर सर्वसम्मति से पंचायत सदस्य चुन लिए गए हैं। शेष 3 वार्डों पर सदस्य चुनने रह गए हैं।