संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) और उपायुक्त प्रीति ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के पंच, सरपंच और पंचायत समिति सदस्य के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव 15 जून को आयोजित किया जाएगा।
मतदान सुबह 8 बजे से सायं 6 बजे तक होगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना कर परिणामों की घोषणा की जाएगी। उपचुनाव की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को रिहर्सल के बाद पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 35 पंच, दो सरपंच और दो पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए उपचुनाव प्रस्तावित थे। इनमें कैथल के वार्ड नंबर 10 और गुहला के वार्ड नंबर 14 में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए उपचुनाव होंगे। वहीं, गांव शेरगढ़ और जाखौली कमान में सरपंच पद के लिए मतदान होगा।
वार्ड 10 से दो, वार्ड 14 से चार उम्मीदवार मैदान में ः
कैथल पंचायत समिति के वार्ड 10 से दो उम्मीदवार और गुहला के वार्ड 14 से चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, शेरगढ़ गांव में सरपंच पद के लिए पांच और जाखौली कमान में दो उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
24 पंच निर्विरोध निर्वाचित, 11 पदों पर नामांकन नहीं
ग्राम पंचायतों में पंच पद के तहत 24 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं, जबकि 11 पद ऐसे हैं, जिन पर किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया। इन पदों को फिलहाल खाली घोषित किया गया है।