संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा के झज्जर में 12 जनवरी को आयोजित राज्य स्तरीय ट्रायल में 54 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गांव कुलतारन की होनहार खिलाड़ी बाक्सर जन्नत ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास और उत्कृष्ट तकनीकी कौशल के साथ ट्रायल में भाग लिया और दोनों मुकाबले निर्णायक रूप से जीते।
पहले मुकाबले में उन्होंने हिसार की मन्नत को पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में केकेआर की मेहक को मात देकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। राज्य ट्रायल में इस शानदार सफलता के बाद जन्नत अब पुणे में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके साथ ही उन्हें आगामी फ्यूचर कप और अखिल भारतीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने का अवसर भी मिला है। यह शिविर 19 से 23 जनवरी तक पुणे में आयोजित होगा। इस शिविर के माध्यम से देशभर से चयनित खिलाड़ियों में से एक खिलाड़ी को यूथ ओलंपिक के लिए चुना जाएगा, जिससे जन्नत के सामने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने का सुनहरा अवसर है।
गांव कुलतारन की रहने वाली जन्नत ने महज चार वर्ष पहले खेलों की शुरुआत की थी और कम समय में ही राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। हरियाणा राज्य स्तर पर उन्होंने पांच बार स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके अलावा जन्नत एशियन चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता, दो बार स्कूल स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता, जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता की स्वर्ण पदक विजेता और खेलो इंडिया में रजत पदक प्राप्त कर चुकी हैं।
जन्नत के पिता गांव में दूध का व्यवसाय करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद माता-पिता ने शुरू से ही जन्नत की प्रतिभा को पहचाना और उसे हर कदम पर प्रोत्साहित किया। जन्नत की इस उपलब्धि से गांव कुलतारन सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने जन्नत को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।