संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। अनाज मंडी में धान उठान के मुद्दे पर पिछले कुछ दिनों से चला आ रहा ट्रांसपोर्टर यूनियन और मंडी व्यापारियों के बीच का विवाद आखिरकार वीरवार को सुलझ गया। एसडीएम अजय हुड्डा की निर्णायक मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और ट्रक यूनियन सदस्यों ने तुरंत काम सुचारू रूप से शुरू कर दिया।
इस विवाद के कारण मंडी में किसानों और व्यापारियों को भारी जाम व अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा था। बुधवार को मंडी व्यापारियों की ओर से प्रधान अनिल गालव, अजय प्रताप राणा, संदीप कुमार, और ट्रक यूनियन की ओर से प्रधान काला, महावीर शर्मा, रिंकू राणा, बजिंदर सहारन ने एसडीएम अजय हुड्डा को स्थिति से अवगत करवाया था।
एसडीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों से विस्तृत बातचीत की और आपसी सहमति से समाधान निकाला। मंडी प्रधान अनिल गालव ने बताया कि धान का उठान समय पर न होने से मंडी में लगातार जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई थी, जिससे किसानों व व्यापारियों को भारी दिक्कत आ रही थी।
वहीं ट्रक यूनियन प्रधान काला ने समझौते पर संतोष जताते हुए कहा कि वे मंडी व्यवस्था को सुचारू रखने के पक्ष में हैं, लेकिन बाहर से गाड़ियां मंगवाने या ढांझ लगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ सख्त रुख जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में ऐसा हुआ तो यूनियन विरोध दर्ज कराएगी।
एसडीएम अजय हुड्डा ने बताया कि अब मंडी में कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी नए विवाद की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस टीम लगातार ड्यूटी पर तैनात रहेगी और स्थिति पर पैनी नजर रखी जाएगी।