संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कैथल में मौके पर दाखिला प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों के प्रवेश का सिलसिला जारी है। अब संस्थान में 896 सीटों में से 785 सीटों पर दाखिला हो चुका है जबकि 111 सीटें अब भी खाली हैं। इन सीटों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जा रहा है।
रिक्त सीटों में तकनीकी और मैकेनिकल ट्रेडों के साथ कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य पाठ्यक्रम भी शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क में विभिन्न श्रेणियों की सीटें खाली हैं। इसके अलावा ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल, फिटर, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, मैकेनिक ट्रैक्टर, प्लंबर, सिलाई तकनीक, सोलर टेक्नीशियन, टूल एंड डाई मेकर, टर्नर, वेल्डर, वायरमैन और वुड वर्क टेक्नीशियन सहित कई ट्रेडों में प्रवेश के अवसर हैं।
फिटर में 21 तो वायरमैन में 20 सीटें खाली
फिटर ट्रेड में 21 सीटें, वायरमैन में 20, वेल्डर की विभिन्न श्रेणियों में 12 और वुड वर्क टेक्नीशियन में 9, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक में 8 और मैकेनिक ट्रैक्टर में 8 सीटें खाली हैं। कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क में भी विभिन्न कोर्सों को मिलाकर सीटें उपलब्ध हैं।
कई लोकप्रिय ट्रेडों में सीटें भर चुकीं
मौके पर दाखिला प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की तकनीकी ट्रेडों के प्रति रुचि बनी हुई है। इलेक्ट्रिशियन, ड्राफ्ट्समैन सिविल, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, मैकेनिक मोटर व्हीकल, सीओपीए सहित कई ट्रेडों में उपलब्ध सीटों पर दाखिले हो चुके हैं।
-
कक्षाएं हो चुकी है शुरू : प्राचार्य सतीश
कैथल आईटीआई के प्राचार्य सतीश मच्छाल ने बताया कि 111 खाली सीटों के लिए दाखिला प्रक्रिया जारी है। इच्छुक विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जा रहा है। निर्देशानुसार 21 अगस्त तक इसी प्रक्रिया के तहत दाखिले होंगे और कक्षाएं भी शुरू हो चुकी हैं। संस्थान की ओर से दस्तावेज जांच सहित दाखिले से संबंधित प्रक्रिया पूरी करवाई जा रही है। विद्यार्थियों को अपनी पसंद के ट्रेड में उपलब्ध सीटों की जानकारी लेकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन और प्रवेश की कार्रवाई पूरी करनी होगी।