बुजुर्ग जसवंती देवी के पति प्रीतम को अचानक दिल का दौरा पड़ा। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो आपरेशन की सलाह मिली। आड़े आई पैसों की दिक्कत।
आयुष्मान कार्ड बंद हो चुका था। परेशान महिला पति के इलाज का बंदोबस्त कराने की मांग को लेकर डीसी से मिली। डीसी ने संज्ञान लेते हुए चंडीगढ़ मुख्यालय से संपर्क कर महिला का कार्ड अपडेट कर खुलवाया। जिससे महिला के पति के इलाज के लिए डेढ़ लाख रुपये मिले।
बुजुर्ग महिला जसवंती ने कहा कि उसके पति प्रीतम को अचानक हार्ट अटैक आ गया। उसके पास आयुष्मान कार्ड है। डॉक्टरों ने जब ऑनलाइन आयुष्मान कार्ड की इंट्री की तो पाया कि उसका आयुष्मान कार्ड बंद हो चुका है, इसलिए उसे इलाज के पैसे तो देने ही होंगे। इस मुसीबत में महिला तुरंत वह डीसी प्रदीप दहिया के पहुंची और अपनी समस्या के निवारण के लिए फरियाद लगाई। डीसी ने प्रशासक होने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाएं रखते हुए तुरंत चंडीगढ़ मुख्यालय से संपर्क करवाकर तुरंत उस महिला के आयुष्मान कार्ड को अपडेट करवाकर अनलॉक करवा दिया, जिससे महिला को उसके पति के हार्ट अटैक के कारण डाले गए स्टंट के 1 लाख 50 हजार रुपये का स्वास्थ्य लाभ मिला और महिला को कुछ भी धनराशि नही देनी पड़ी।