संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मौसम बदलने के बाद हुई बारिश के बाद अब फिर से वायरल बुखार की ओपीडी बढ़ गई है। इसके चलते रविवार को सामान्य अस्पताल में छुट्टी के बाद सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों की भीड़ जुटी।
गौरतलब है कि पिछले कई दिन से दिन में गर्मी और रात के समय ठंड हो रही है। ऐसे में बच्चों व बुजुर्गों में बीमारियां बढ़ी हैं। इस समय वायरल बुखार की 20 प्रतिशत तक की ओपीडी बढ़ गई है। चिकित्सकों ने लोगों को राय दी है कि घर में बच्चों और बुजुर्गाें का इस मौसम में खास ध्यान रखा जाए।
तीन दिन पहले क्षेत्र में हुई बूंदाबांदी के बाद बदले मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। इसके चलते सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इस समय सबसे अधिक मरीज सर्दी-जुकाम, खांसी के साथ बुखार के पीड़ित है। मौसम परिवर्तन के बाद नागरिक अस्पताल में मरीजों की संख्या पहले की तुलना में काफी अधिक बढ़ गई है। इसके चलते अस्पताल में सुबह से ही मरीजों का भारी भीड़ अस्पताल के ओपीडी से
लेकर पंजीकरण काउंटर पर देखने को मिल रही है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार नागरिक अस्पताल में सामान्य दिनों में 800 के करीब ओपीडी रहती है, लेकिन मौसम बदलाव के बाद से वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने से ओपीडी की संख्या एक हजार के करीब पहुंच गई है।
बारिश के कारण दिन में गर्मी और रात के समय ठंड होने के चलते नागरिक अस्पताल में ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सबसे अधिक बुखार, खांसी और जुकाम के मरीज पहुंच रहे हैं। इसलिए उन्हें इस मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दे रहे हैं। - डॉ. राजीव मित्तल, वरिष्ठ चिकित्सक, जिला नागरिक अस्पताल, कैथल।