यहां शुक्रवार सांय ढांड व करनाल रोड को मिलाने वाले रोड पर मान अस्पताल के निकट एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। मामला लेन-देन का बताया जा रहा है। एसएचओ सिविल लाइन का कहना है कि शीघ्र ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।
हिसार के गांव बिठमड़ा निवासी रविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में काह कि वह चार जून को अपने दोस्त जगबीर निवासी सेठा माजरा जिला जींद के साथ मिलकर मान अस्पताल में इलाज के लिए आए थे। करीब सवा छह बजे जब वे यहां पहुंचे तो एक गाड़ी में सवार होकर आया हांसी निवासी सुरेंद्र सैनी आया। उसके साथ गांव पाल ढाणी निवासी विनोद भी था। वे दोनों उसके दोस्त जगबीर निवासी सेढा माजरा को गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले गए। अपहरणकर्ताओं की गाड़ी इमेज थी। उसने कहा कि विनोद ने कैथल जिले के गांव बरोट निवासी संदीप कुमार को तीन लाख रुपये उसके व जगबीर के सामने दिए थे। अब वे उक्त तीन लाख रुपये की राशि संदीप से वापस दिलवाने के लिए दबाव डाल रहे हैं। उसने आरोपी विनोद व सुरेंद्र के खिलाफ अपहरण करने के मामले में कार्रवाई करने व अपहृत जगबीर को छुड़वाए जाने की मांग की है। एसएचओ सिविल लाइन रमेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने फिल्हाल केस दर्ज कर लिया है। मामला लेन-देन का बताया जा रहा है। उम्मीद है कि मामले को शीघ्र ही सुलझा लिया जाएगा।