कैथल। अज्ञात व्यक्ति ने एक महिला के बैंक खाते से दो दिनों में अलग-अलग समय पर करीब एक लाख रुपये निकाल लिए। महिला को खाते से रकम निकलने की जानकारी मोबाइल पर बैंक के मैसेज आने के बाद हुई।
केशव नगर वार्ड नंबर आठ चीका निवासी डोली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नौ अगस्त को वह घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान उसके बैंक खाते से रकम निकलनी शुरू हो गई। नौ और 10 अगस्त को अलग-अलग समय पर उसके खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल लिए गए। उस समय उसे खाते से रकम निकलने की जानकारी नहीं थी।10 अगस्त की शाम उसने मोबाइल में बैंक से आए मैसेज देखे। मैसेज देखने के बाद उसे खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने खाते से निकाली गई रकम का हिसाब लगाया तो कुल राशि करीब एक लाख रुपये पाई गई। महिला ने पुलिस से अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर ठगी गई रकम बरामद कराने की मांग की।
साइबर थाना प्रभारी रवि ने बताया कि महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। बैंक खाते से निकाली गई रकम और लेनदेन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई होगी। संवाद