कैथल। हरियाणा के लोक निर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को सिरटा रोड पर सरकार की ओर से दी गई दो एकड़ भूमि में जाट धर्मशाला के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की ग्रांट देने का ऐलान किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि जाट संस्था समाज सुधार के कार्यों में बढ़चढ़ कर भाग लेने के साथ-साथ गरीब बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन, जरूरतमंद व गरीब परिवारों की बेटियाें की मदद के लिए आगे आए। इस अवसर पर अखिल भारतीय किसान खेत मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष शमशेर सिंह सुरजेवाला को समाज की ओर से हल व पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
हमारे बुजुर्गों का सपना थी धर्मशाला : सुरजेवाला
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि जाट धर्मशाला के भवन का जो सपना हमारे बुजुर्गों ने संजोया था, इस कार्य में शमशेर सिंह सुरजेवाला की भावना के साथ-साथ चौधरी तेजेंद्र पाल मान की तमन्ना थी कि जाट समाज की ओर से धर्मशाला का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि हमें खुशी है कि हम सभी मिलकर इस सपने का साकार करने की दिशा में एक अच्छी शुरुआत कर रहे हैं। यह धर्मशाला गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी व समाज सुधार के कार्यों के लिए उपयोग में लाई जा सकेगी। जाट शिक्षण संस्था आजादी के इतने वर्षों के बाद भी दसवीं की शिक्षा तक ही सीमित रही।
‘स्कूल कालेजों का विस्तार किया’
इस संस्था के विकास के लिए किसी भी सरकार और किसी भी मुख्यमंत्री ने ध्यान नहीं दिया। सन 2005 में जब शमशेर सिंह सुरजेवाला कैथल से विधायक बने तो इन संस्थाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए गए। जाट कालेज का दर्जा दिलाने के साथ-साथ बहुतकनीकी संस्थान, बीएड कालेज व अंग्रेजी माध्यम के पब्लिक स्कूल का विस्तार किया गया। इसके अतिरिक्त जाट कालेज के सामने सात एकड़ भूमि में महाराजा सूरजमल के नाम से स्टेडियम का निर्माण जारी है। इस अवसर पर खाप पंचायत के प्रधान नफे सिंह नैन ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने 36 बिरादरी के उत्थान के लिए कार्य किए हैं। समारोह को रणबीर मान, दिलबाग मोर, दर्शन मालखेड़ी, रोशन पाड़ला, भरत सिंह बैनिवाल, राजपाल कादियान, धर्मवीर कौलेखां ने संबोधित किया। इस अवसर पर बलजिंद्र सुरजेवाला, सुदीप सुरजेवाला, जगरूप, रामकुमार नैन, सुरजीत बैनिवाल, जयभगवान गुहणा, रामसिंह गुहणा, जयकिशन मान, राजपाल और कृष्ण छौत उपस्थित रहे।