राजौंद। गोल्ड लाइफ पब्लिक स्कूल राजौंद के विद्यार्थियों ने बॉक्सर मनोज से वीडियो कालिंग के माध्यम से सवाल जवाब किए। 2016 के रियो ओलंपिक में बॉक्सिंग के 64 किलो वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे राजौंद के बॉक्सर मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को 2016 ओलंपिक्स की तैयारियों के बारे में बताया।
भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 2 बजे बॉक्सर मनोज छात्रों से लाइव रूबरू हुए। उनका मकसद था बच्चों के अन्दर खेल और देश प्रेम की भावना को जागृत करना। मनोज ने बच्चों को पूरा भरोसा दिलाया की 2012 लंदन ओलंपिक में मिले अनुभव का पूरा फायदा उठाते हुए इस बार वो भारत के लिए स्वर्ण पदक जरूर लाएंगे।
बच्चों ने उनसे पूछा कि पिछले ओलंपिक से इस बार का ओलंपिक कितना अलग है तो उन्होंने बताया कि इस बार उनके पास 4 साल का अनुभव और पहले से 4 गुना हौसला और तैयारी है। उनका पहला मुकाबला 10 अगस्त को लिथुआनिया के बॉक्सर एवालडास पेस्ट्रासकास से होगा। उनके पिता शेर सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और वे बेटों को देश के लिए खेलते देखना चाहते थे। बड़े भाई के कदमों का अनुसरण करके वो आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। उनके बड़े भाई राजेश कुमार जोकि आज उनके कोच भी हैं उनका योगदान बहुत बड़ा है।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य यशपाल राणा ने उनकी अनेक उपलब्धियों के बारे में भी बच्चों को विस्तार से बताया। उन्होंने बताया की मनोज अपने भार वर्ग में दुनिया के 6वे रैंक के खिलाड़ी हैं। वे लगातार 4 बार भारतीय रेलवे चैंपियनशिप और 2 बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीत चुके हैं। 26 नवम्बर 2014 को भारत के युवा और खेल मंत्री सरबंदा सोनोवाल ने मनोज को अर्जुन अवार्ड से भी सम्मानित किया है। इस दौरान स्कूल स्टाफ मौजूद था।
दस अगस्त को होगा मनोज का मुकाबला
कैथल। रियो ओलंपिक का शुक्रवार से आगाज हो गया। इसी के साथ मनोज की फाइट भी फाइनल हो गई है। मनोज का मुकाबला 10 अगस्त को पिछले ओलंपिक में गोल्ड मेडलिस्ट एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी से होगा। जिसके लिए मनोज तैयारियों में जुटा है।
मनोज के कोच राजेश कुमार ने बताया कि मुक्केबाजी के मुकाबलों का ड्रॉ आ चुका है और 9 अगस्त को 75 किलो वर्ग में विकास का मुकाबला अमेरिका के चार्ल्स कोनवैल के साथ होगा। ड्रा की जहां तक बात है मनोज कुमार और शिवा थापा को शुरुआती मुकाबले काफी कड़े मिले हैं।
मनोज का मुकाबला जहां लंदन ओलंपिक के ब्रॉंज मेडलिस्ट व यूथ ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट लिथुआनिया के बॉक्सर एवालडास पेस्ट्रासकास के साथ होगा। मनोज लंदन ओलंपिक में विवादास्पद मुकाबले में बाहर हो गए थे। लेकिन इस बार वह पूरी तैयारी के साथ आए हैं और विश्व के किसी भी बॉक्सर को हराने का माद्दा रखते हैं।
वहीं शिवा थापा का मुकाबला क्यूबा के रॉबेसी रमीरेज से होगा। रमीरेज भी ओलंपिक के मेडलिस्ट हैं और शिवा को उनसे पार पाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा। जिसके लिए वह पूरी तरह तैयार हैं।