संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ट्रक चालक और पटवारियों के बाद अब मिट्टी का कार्य करने वाले ठेकेदार और मजदूर हड़ताल करेंगे। जिले के ट्रांसपोर्ट नगर में शनिवार को मिट्टी का कार्य करने वाले ठेकेदार व मजदूरों की बैठक हुई। इसमें हड़ताल की तैयारियों के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि वे रविवार को जींद के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय जान बचाओ रैली में ठेकेदार व मजदूरों के हित में आंदोलन शुरू करने का फैसला लेंगे।
जानकारी के अनुसार जिले में पिछले छह दिन से ट्रक चालकों व ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल जारी है। जिससे करीब 24 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। ट्रांसपोर्टरों की मांग है कि हिट एंड रन कानून लागू न करने को लेकर सरकार उन्हें लिखित में आश्वासन दे। इसके बाद ही वे अपनी हड़ताल समाप्त करेंगे। वहीं ठेकेदार और मजदूरों की बैठक में जिले सिंह प्रजापत ने बताया कि जेसीबी मशीन व ट्रैक्टर ट्राली से जो लोग मिट्टी का कार्य कर रहे हैं, सरकार ने उनका रोजगार छीनने के लिए एनजीटी के नियमों में बदलाव किया है।
नियमों के तहत मिट्टी का कार्य करने के लिए अब उन्हें माइनिंग विभाग से एनओसी लेनी जरूरी कर दी है। इससे हजारों मजदूरों को रोजी रोटी के लाले पड़ गए है। उन्हाेंने बताया कि सरकार की ओर से जारी किए इन आदेशों का वह पुरजोर विरोध करते हैं।
रामफल चहल कोटड़ा ने कहा कि वे जींद में राज्य स्तरीय रैली कर सरकार को चेताने का काम करेंगे, अगर जल्द ही उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह आगामी समय में मिट्टी का कार्य छोड़कर हड़ताल पर चले जाएंगे। इस मौके पर संदीप पूंडरी, घनश्याम पाई, परमजीत ढांड, विक्रम सैनी और काला सहित दर्जनों लोगों ने भाग लिया।