संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। वर्ष 2024 में गांव अटेला में हुए लड़ाई-झगड़े के दौरान एक युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव
चक्कू लदाना निवासी लखन के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने चीका रोड, कैथल से काबू किया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि जिला जींद के गांव किलाजफरगढ़ निवासी रामेश्वर ने शिकायत दी थी कि उसका 21 वर्षीय बेटा राहुल 21 मई 2024 को अपने गांव के दोस्त दीपक के साथ उसके मामा के घर गांव अटेला आया हुआ था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि उसके बेटे के साथ मारपीट हुई है और वह अस्पताल में भर्ती है।
23 मई को सूचना मिलने पर रामेश्वर जब कैथल के सरकारी अस्पताल पहुंचे, तो वहां उनका बेटा राहुल लड़ाई-झगड़े में लगी गंभीर चोटों के कारण मृत अवस्था में मिला। वहीं इस घटना में दीपक, सागर, बलवान और नरमा सभी अटेला निवासी भी घायल अवस्था में मिले।
शिकायत के अनुसार लखन, अर्जुन और गुरचरण सहित अन्य लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जो बाद में झगड़े में बदल गई। इसी झगड़े के दौरान राहुल को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थाना सदर कैथल में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी कहासुनी के कारण यह घटना हुई। मामले में पहले ही आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार किया जा चुका है। अर्जुन और लखन आपस में भाई हैं और पहले गांव अटेला में ही रहते थे।
आरोपी लखन पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था, जिसे अदालत द्वारा 27 अक्तूबर 2025 को भगोड़ा घोषित किया गया था। पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया है।