संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। करीब 80 लाख रुपये की लागत से लगाए गए ये सिग्नल सिस्टम पिछले लगभग एक वर्ष से शोपीस बने हुए हैं। इसके चलते प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति और सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
शहर के पिहोवा चौक, जींद रोड चौक, ढांड रोड चौक और नए बस स्टैंड के पास स्थित सर छोटूराम चौक पर करीब 8 से 10 वर्ष पहले आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए थे। इनका उद्देश्य यातायात को नियंत्रित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था, लेकिन पिछले एक वर्ष से अधिकतर सिग्नल बंद पड़े हैं। बीच में इन्हें दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू भी हुई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पाया।
सिग्नल बंद होने के कारण वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार चौक पार करते हैं, जिससे दिनभर अव्यवस्था बनी रहती है। विशेषकर सुबह और शाम के समय यातायात दबाव कई गुना बढ़ जाने से स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। व्यापारियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि कई बार प्रशासन से सिग्नल लाइटों को ठीक कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि सिग्नल बंद होने के बाद यातायात व्यवस्था पुलिस कर्मियों के भरोसे है। कई बार एक-एक चौक पर चार-चार पुलिसकर्मियों की तैनाती करनी पड़ती है। हालांकि उनके हटते ही स्थिति फिर अव्यवस्थित हो जाती है।
लोग बोले
पहले जब सिग्नल चालू थे, तब यातायात काफी हद तक नियंत्रित रहता था और वाहन चालक नियमों का पालन करते थे। लेकिन अब सिग्नल बंद होने से हर चौक पर अव्यवस्था फैल गई है। -संजीव, शहरवासी
जींद रोड चौक, ढांड रोड चौक और सर छोटूराम चौक अत्यंत व्यस्त मार्ग हैं। सिग्नल बंद होने के कारण यहां अक्सर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और कई बार टकराव जैसी स्थिति बन जाती है। -रामेश्वर फौजी
चौराहों की खराब यातयात सिग्नल लाइटों के संबंध में नगर परिषद से बातचीत चल रही है। जल्द ही सभी खराब लाइटों की मरम्मत कराकर उन्हें चालू कराया जाएगा, ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
-सतपाल, यातायात प्रभारी
कैथल के छोटू राम चौक पर खराब पड़ी यातायात लाइट व लगा जाम। संवाद
कैथल के छोटू राम चौक पर खराब पड़ी यातायात लाइट व लगा जाम। संवाद
कैथल के छोटू राम चौक पर खराब पड़ी यातायात लाइट व लगा जाम। संवाद
कैथल के छोटू राम चौक पर खराब पड़ी यातायात लाइट व लगा जाम। संवाद