संवाद न्यूज, एजेंसी
कैथल। सीआईए कलायत पुलिस ने पिस्तौल के बल पर स्कूटी लूटने के मामले में शामिल गिरोह के एक और आरोपी शिवम दुबे को गिरफ्तार किया है। वह उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के जीवल का निवासी है। शिवम के कब्जे से पुलिस ने 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि सेक्टर-20 हुड्डा निवासी विनय गर्ग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 जून को वह स्कूटी पर बलराज नगर स्थित सिद्धि विनायक पेट्रोल पंप के पास लकड़ी खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। इनमें से दो आरोपियों के पास पिस्तौल और एक के पास डंडा था। आरोपियों ने डंडे से हमला कर उनके सिर में चोट मारी और गोली मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, एक आरोपी ने फायर भी किया, जो उनकी गर्दन के पास से निकल गया और वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपी उनकी स्कूटी, डिग्गी में रखे करीब 60 हजार रुपये और पर्स छीन ले गए थे। घायल विनय को उनके साथी ने नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में थाना सिविल लाइन में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने वारदात के महज दो घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका। उसकी पहचान पंचकूला निवासी निरंजन उर्फ माल्टा के रूप में हुई थी, जिसे 21 जून को किठाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि शिवम दुबे और निरंजन उर्फ माल्टा ने मिलकर एक गिरोह बना रखा था। 13 जून की वारदात में पकड़े गए तीन अन्य आरोपी भी इसी गिरोह से जुड़े हुए थे। पुलिस के अनुसार लूटी गई रकम आपस में बांटी जाती थी और शिवम दुबे गिरोह की गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहयोग करता था। फरारी के दौरान आरोपी निरंजन को शिवम ने अपने गांव में शरण भी दी थी।